जलवायु परिवर्तन से बचाव के लिए पौधरोपण जरूरी : डॉ. हर्षवर्धन भारद्वाज

अलीगंज। कस्बा स्थित गौतम बुद्ध इंटर कॉलेज अलीगंज, एटा में पर्यावरण संबंधी जानकारी एवं जागरूकता अभियान के तहत गुरुवार को चिकित्सकों की टीम ने छात्र-छात्राओं को जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया। कार्यक्रम में बच्चों को पर्यावरण के महत्व के साथ ही बदलते जलवायु परिवर्तन के मानव जीवन और स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों की जानकारी दी गई।

डॉ. हर्षवर्धन भारद्वाज ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि जलवायु और पर्यावरण का हमारे जीवन से सीधा संबंध है। यदि जलवायु संतुलित और पर्यावरण स्वच्छ नहीं रहेगा तो इसका प्रतिकूल प्रभाव मानव जीवन और स्वास्थ्य पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी।

उन्होंने छात्र-छात्राओं से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को कम से कम एक वृक्ष का रोपण कर उसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। पेड़-पौधे हमें स्वच्छ हवा और बेहतर वातावरण प्रदान करते हैं, जिससे पूरे जनमानस को लाभ मिलता है। उन्होंने बच्चों को जलवायु परिवर्तन के कारणों तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए किए जा सकने वाले छोटे-छोटे प्रयासों की जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान चिकित्सकों की टीम ने विद्यार्थियों से पर्यावरण को स्वच्छ रखने, पेड़-पौधों का संरक्षण करने तथा आसपास के लोगों को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक करने की अपील की। छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प लिया।

कार्यक्रम के आयोजन में प्रधानाचार्य रजनीश कुमार भास्कर, डॉ. रूबी, डॉ. रवि, अध्यापक रेशम पाल, मनोज कुमार गौतम, राजेश शाक्य, शिव कुमार सहित विद्यालय के छात्र-छात्राओं की मौजूदगी रही।

दिलीप सिंह अलीगज एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *