24 घंटे में लापता किशोर को पुलिस ने वृंदावन से किया बरामद

माता-पिता के विवाद से परेशान होकर घर से निकला था 15 वर्षीय किशोर

अलीगंज। अलीगंज कस्बे के काजी नयार एलटीजीसी फार्म हाउस क्षेत्र से गुरुवार को लापता हुए 15 वर्षीय किशोर को अलीगंज पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए 24 घंटे के अंदर वृंदावन से सकुशल बरामद कर लिया। किशोर के अचानक घर से चले जाने के बाद परिजन परेशान थे। पुलिस ने तलाश के लिए सर्विलांस टीम की भी मदद ली। किशोर के मिलने के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।

जानकारी के अनुसार अलीगंज क्षेत्र निवासी प्रदीप सिंह का 15 वर्षीय पुत्र उमंग सिंह 10 सितंबर की सुबह करीब 11:35 बजे घर से अचानक चला गया था। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। परिजनों ने आसपास के क्षेत्र के अलावा रिश्तेदारों और परिचितों से भी उसके बारे में जानकारी की, मगर उसका पता नहीं चला। इसके बाद परिजनों ने अलीगंज कोतवाली पुलिस को सूचना देकर किशोर की गुमशुदगी दर्ज कराई।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि किशोर घर से निकलते समय सफेद रंग की टी-शर्ट, हरे रंग का लोअर पायजामा और सफेद रंग की चप्पल पहने था। उसके पास काले रंग का स्कूल बैग भी था। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए किशोर की तलाश शुरू की। आसपास के क्षेत्रों में जानकारी जुटाने के साथ ही सर्विलांस टीम को भी लगाया गया।

तलाश के दौरान पुलिस को किशोर के वृंदावन में होने की जानकारी मिली। लोकेशन की पुष्टि होने के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वृंदावन स्थित प्रेम मंदिर क्षेत्र से किशोर को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद किशोर को परिजनों की सुपुर्दगी में दे दिया। पूछताछ और परिजनों से बातचीत के दौरान सामने आया कि किशोर के माता-पिता के बीच कुछ समय से आपसी विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर किशोर मानसिक रूप से परेशान और दुखी था।

इसी कारण वह बिना बताए घर से निकल गया था। किशोर के सकुशल मिलने के बाद पुलिस ने परिजनों को उसे समझाने और परिवार में बेहतर माहौल बनाए रखने की सलाह दी। किशोर की बरामदगी में कस्बा इंचार्ज मनीष बालियान और सर्विलांस मनोज कुमार रहे।

दिलीप सिंह अलीगज एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *