संवाददाता गोंडा
करनैलगंज, गोंडा। नगर के रामलीला भवन में चल रहे श्री रामलीला मंचन में सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह से नदारद है। देर रात तक चलने वाले मंचन में हजारों की संख्या में भीड़ उमड़ रही है, लेकिन मौके पर पुलिस का कोई जवान तैनात नहीं दिख रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि रामलीला देखने के लिए आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग पहुंच रहे हैं।
भीड़ अधिक होने से धक्का-मुक्की की स्थिति बन रही है। पुलिस सुरक्षा न होने के कारण अराजक तत्वों और चोरी की घटनाओं का भी डर बना हुआ है।
श्रद्धालुओं ने जिला प्रशासन और पुलिस अधीक्षक गोंडा से मांग की है कि रामलीला स्थल पर तत्काल महिला पुलिस सहित पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित रूप से रामलीला का आनंद ले सकें।

