परसपुर (गोंडा)। महाकवि तुलसीदास पीजी कॉलेज परसपुर में बुधवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के तत्वावधान में नशा उन्मूलन विषय पर गोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. बीना सिंह, कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सीमा तिवारी, डॉ. अजीत सिंह, मुख्य वक्ता ओम नारायण सिंह और डॉ. दयाशंकर मिश्र ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया।

विज्ञान संकाय के गणित विभाग के विभागाध्यक्ष ओम नारायण सिंह ने नशे के शरीर और मस्तिष्क पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ उसकी मानसिक क्षमता को भी प्रभावित करता है।
जंतु विभाग के विभागाध्यक्ष राजमान प्रसाद वर्मा ने छात्र-छात्राओं को नशे से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करते हुए इससे दूर रहने के लिए प्रेरित किया। वनस्पति विभाग के प्रवक्ता नरेंद्र नाथ पांडेय ने लोगों के नशे की ओर आकर्षित होने के विभिन्न कारणों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि जागरूकता और सकारात्मक सोच के जरिए युवाओं को नशे की गिरफ्त में जाने से बचाया जा सकता है। गोष्ठी में छात्र-छात्राओं को नशा मुक्त समाज के निर्माण में अपनी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

