एसडीएम ने बैठक कर दिए निर्देश, छूटे मतदाताओं और 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं के बनेंगे वोट
अलीगंज मतदाता सूची को दुरुस्त करने और कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे, इसके लिए अलीगंज तहसील प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में तहसील सभागार में उप जिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर की अध्यक्षता में बीएलओ की अहम बैठक आयोजित की गई। इसमें आगामी 17 से 24 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष अभियान को लेकर रणनीति बनाई गई और सभी बीएलओ को जिम्मेदारी के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसडीएम डॉ. शशि शेखर ने कहा कि विशेष अभियान के दौरान सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान केंद्रों पर निर्धारित समय में उपस्थित रहकर मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची में छूटे पात्र लोगों को शामिल करना और नए मतदाताओं के पंजीकरण की प्रक्रिया को गति देना है।
इसके लिए बीएलओ को अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करना होगा, ताकि पात्र मतदाताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। एसडीएम ने निर्देश दिए कि 17 अक्टूबर से 24 अक्टूबर तक चलने वाले विशेष अभियान के दौरान सभी बीएलओ सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक अपने निर्धारित बूथों पर मौजूद रहेंगे। इस दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित पात्र नागरिकों के आवेदन लिए जाएंगे साथ ही 18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता सूची में शामिल कराने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
अधिकारियों को यह भी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि अभियान के दौरान एसएसआर से संबंधित कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से जुड़ा कार्य निर्वाचन प्रक्रिया का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इसलिए इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी संबंधित कर्मचारी आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें और अभियान के दौरान आने वाले पात्र मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराएं। इससे मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी। बैठक में तहसीलदार संजय कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार, एडीओ पंचायत राकेश कुमार, नायब तहसीलदार वरुण कुमार सहित अन्य अधिकारी और बीएलओ मौजूद रहे।
