न्यायमूर्ति के समक्ष अधिवक्ता के अपमान पर अलीगंज बार एसोसिएशन ने जताया विरोध

बार एसोसिएशन की बैठक में घटना की निंदा, राज्यपाल के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन

अलीगंज। उच्च न्यायालय में न्यायमूर्ति अजय भनोट द्वारा एक अधिवक्ता के साथ कथित दुर्व्यवहार एवं अपमान किए जाने के मामले में अलीगंज बार एसोसिएशन ने कड़ा विरोध जताया। शुक्रवार को बार एसोसिएशन के सचिव वेद प्रकाश की अध्यक्षता में अधिवक्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूरे प्रकरण की भर्त्सना करते हुए नाराजगी व्यक्त की गई।

बैठक में अधिवक्ताओं ने कहा कि न्यायालय में अधिवक्ताओं के सम्मान और गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए। किसी भी अधिवक्ता के साथ इस प्रकार का व्यवहार स्वीकार्य नहीं है। बैठक के बाद अधिवक्ताओं ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी डॉ. शशि शेखर को सौंपकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की।

बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि अधिवक्ताओं के सम्मान से जुड़ा यह गंभीर विषय है। हाईकोर्ट बार एसोसिएशन के आह्वान पर आगे जो भी निर्णय लिया जाएगा, उसमें अलीगंज बार एसोसिएशन पूरी तत्परता से सहयोग और सहभागिता करेगी।

इस दौरान अधिवक्ताओं ने एकजुटता दिखाते हुए मामले में उचित कदम उठाने की मांग की।

इस अवसर पर अरविंद कुमार सोनी, प्रशांत कुमार राजपूत, आनंद कुमार, अरुण कश्यप, प्रेम कुमार, अखिलेश यादव, संजय यादव सहित एक दर्जन से अधिक अधिवक्ता मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *