सड़क पर बने गड्ढे के कारण हुआ हादसा, एंबुलेंस से घायलों को पहुंचाया गया सीएचसी; पुलिस जांच में जुटी
अलीगंज। क्षेत्र के ग्राम असदपुर के पास सड़क पर बने गड्ढे को बचाने के प्रयास में दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अलीगंज में भर्ती कराया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला कासगंज के ग्राम बिलग्राम निवासी 35 वर्षीय शाकिर अली अपने 55 वर्षीय पिता यूसुफ अली के साथ बाइक से कासगंज से अलीगंज क्षेत्र के ग्राम मिलिक जा रहे थे। इसी दौरान ग्राम असदपुर के पास सामने से अलीगंज की ओर आ रही दूसरी बाइक से उनकी भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर 22 वर्षीय विपिन पुत्र शिन्नाम और रामसिंह पुत्र जसवंत निवासी ग्राम नगला दिसी, कायमगंज सवार थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइकों पर सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल यूसुफ अली ने बताया कि वह अपने साले की अंत्येष्टि में शामिल होने के लिए ग्राम मिलिक जा रहे थे। असदपुर के पास सामने से आ रही बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।
वहीं घायल रामसिंह ने बताया कि वह अपने भाई के साथ गांव से अमांपुर जा रहे थे। रास्ते में गड्ढा होने के कारण सामने से आ रही बाइक ने उसे बचाने का प्रयास किया और उनकी साइड में आकर टकरा गई, जिससे दोनों भाई घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भिजवाया। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। सड़क पर बने गड्ढे को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
