अलीगंज। विकासखंड अलीगंज के ग्राम तिसौरी में गुरुवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय पशु आरोग्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का शुभारंभ ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सम्यक शाक्य एवं भाजपा महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष विजय कुमारी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया।

शिविर में पशुपालन विभाग की टीम ने कुल 688 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कर उनका उपचार किया। इस दौरान पशुपालकों को पशुओं में होने वाले बांझपन की समस्या, संतुलित पशु पोषण, कृत्रिम गर्भाधान, पशु टीकाकरण, हरे चारे की उपयोगिता और गौपालन से होने वाले लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही पशुओं को कृमिनाशक दवाइयां वितरित की गईं।

शिविर में पशुपालकों को मोबाइल वेटरनरी एंबुलेंस की सुविधाओं के बारे में भी बताया गया। इसके अलावा पशुपालन विभाग द्वारा संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर उप मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. रविकांत, डॉ. गौरव गंगवार, डॉ. विनय शाक्य, डॉ. हेमेन्द्र लाल, डॉ. बृजेश यादव तथा मोबाइल वेटरनरी यूनिट के इंचार्ज डॉ. शिव कुमार यादव मौजूद रहे। इसके अलावा राजेंद्र बाबू शर्मा, लक्ष्मण दास, नानक चंद, पशु मैत्री अजीत प्रताप, विजेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह, अंकित, कुलदीप, हरेंद्र और कमल सहित बड़ी संख्या में पशुपालक उपस्थित रहे।


