बहन के साथ चाचा के घर तिलक कराने गया था युवक, पेट्रोल डलवाने जाते समय हुआ हादसा

अलीगंज। भैया दूज के पर्व पर बहन के साथ खुशियां मनाने निकले एक युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। ग्राम अमरोली के पास अचानक सड़क पर कुत्ता आ जाने से युवक की बाइक उससे टकरा गई। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया और भैया दूज की खुशियां मातम में बदल गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अलीगंज क्षेत्र के ग्राम चमन नगरिया निवासी 18 वर्षीय अभिषेक पुत्र राकेश बाल्मीकि अपनी बहन आरती के साथ भैया दूज पर तिलक कराने के लिए अमरोली निवासी अपने चाचा रामवीर के घर गया था। वहां परिवार के साथ भैया दूज का पर्व मनाया गया। इसी दौरान बाइक में पेट्रोल कम होने के कारण अभिषेक अमरोली स्थित पेट्रोल पंप पर पेट्रोल डलवाने के लिए बाइक से निकला था। रास्ते में अचानक एक कुत्ता सामने आ गया, जिससे उसकी बाइक टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना गंभीर था कि अभिषेक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले भैया दूज की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां मातम छा गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए एटा भेज दिया। पुलिस मामले की जानकारी जुटाने में लगी हुई है।
