जरूरतमंदों के बीच पहुंचकर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने साझा की पर्व की खुशियां, बच्चों के चेहरों पर खिली मुस्कान
बहराइच। दीपावली के पावन अवसर पर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने मानवीय संवेदना और सामाजिक सरोकार की मिसाल पेश करते हुए सलारगंज स्थित कुष्ठ रोग आश्रम में बच्चों एवं बुजुर्गों के साथ दीपावली मनाई। इस दौरान उन्होंने आश्रम में रहने वाले बच्चों और बुजुर्गों को मिठाई एवं पटाखे वितरित कर त्योहार की खुशियां साझा कीं।

रविवार, 8 नवंबर को थाना दरगाह शरीफ क्षेत्र के सलारगंज स्थित आश्रम पहुंचे पुलिस अधीक्षक ने वहां रह रहे लोगों से आत्मीय मुलाकात की और उनके साथ समय बिताया। उन्होंने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।

एसपी की इस पहल से आश्रम के बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। वहीं बुजुर्गों ने भी उनके इस आत्मीय व्यवहार की सराहना की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने समाज के जरूरतमंद एवं वंचित वर्ग के प्रति संवेदनशीलता, सहयोग और अपनत्व का संदेश दिया।
इस पहल को सामुदायिक पुलिसिंग और सामाजिक समरसता की दिशा में सराहनीय कदम माना जा रहा है।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा, प्रभारी निरीक्षक दरगाह शरीफ सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
नवयुग समाचार हिंदी दैनिक | नवक्रांति इंडिया न्यूज़
