बीएलओ को घर-घर पात्र मतदाताओं का मिलान कर छूटे नाम जोड़ने के निर्देशतैयार सूची का होगा सत्यापन, एसडीएम ने निर्वाचन कार्य में लापरवाही न बरतने की दी हिदायत

अलीगंज विधानसभा और पंचायत निर्वाचन की तैयारियों को लेकर प्रशासन ने मतदाता सूची को शुद्ध, पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में शनिवार को जीडी इंटरनेशनल कॉलेज अलीगंज में बूथ लेवल अधिकारियो की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी अलीगंज डॉ. शशि शेखर ने की। इसमें अधिकारियों ने बीएलओ को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची का परीक्षण करने, पात्र मतदाताओं के नाम शामिल कराने और सूची में मौजूद त्रुटियों को दूर करने के संबंध में विस्तार से निर्देश दिए।
बैठक में एसडीएम ने स्पष्ट किया कि विधानसभा और पंचायत निर्वाचन के लिए मतदाता सूची तैयार करना बेहद महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसमें किसी भी पात्र मतदाता का नाम छूटना नहीं चाहिए। बीएलओ अपने-अपने बूथों की मतदाता सूची का उपलब्ध अभिलेखों से मिलान करें और क्षेत्र में पात्र मतदाताओं की पहचान कर उनके नाम सूची में शामिल कराने की प्रक्रिया पूरी करें। विशेष रूप से ऐसे मतदाताओं पर ध्यान दिया जाए, जो पात्रता पूरी करने के बावजूद अभी तक मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सके हैं।

इसके साथ ही सूची में दर्ज नामों का भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परीक्षण किया जाए, ताकि निर्वाचन के समय किसी प्रकार की परेशानी सामने न आए। एसडीएम डॉ. शशि शेखर ने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता ही निष्पक्ष निर्वाचन की पहली और सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। इसलिए सभी बीएलओ अपने दायित्वों को गंभीरता से निभाएं। पात्र मतदाताओं को सूची से जोड़ने के साथ यह भी सुनिश्चित करें कि कोई भी योग्य व्यक्ति मतदान के अधिकार से वंचित न रहे। निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए निर्धारित समय में कार्य पूरा किया जाए।
तैयार की जाने वाली सूची का आगे सत्यापन भी कराया जाएगा, जिससे किसी प्रकार की कमी या विसंगति शेष न रहे। तहसीलदार संजय कुमार ने बीएलओ को निर्देशित करते हुए कहा कि मतदाता सूची का कार्य केवल कागजी औपचारिकता न समझें, बल्कि प्रत्येक बूथ पर वास्तविक स्थिति के आधार पर जांच करें। नाम, पते और अन्य आवश्यक विवरणों का सावधानीपूर्वक मिलान किया जाए। जिन पात्र मतदाताओं के नाम सूची में दर्ज नहीं हैं, उन्हें नियमानुसार शामिल कराने के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।

कार्य के दौरान सामने आने वाली समस्याओं और विसंगतियों की जानकारी संबंधित अधिकारियों को दें, ताकि समय रहते उनका निस्तारण किया जा सके। वहीं खंड शिक्षा अधिकारी अलीगंज विनोद कुमार ने कहा कि बीएलओ निर्वाचन प्रक्रिया की महत्वपूर्ण कड़ी हैं। सभी कार्मिक आपसी समन्वय के साथ अपने क्षेत्र में मतदाता सूची का परीक्षण करें। पात्र लोगों को सूची से जोड़ने और छूटे हुए नामों को शामिल कराने में पूरी सक्रियता बरतें।
उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्य में शुद्धता और समयबद्धता दोनों का विशेष महत्व है। बैठक में तहसीलदार संजय कुमार, नायब तहसीलदार वरुण कुमार, खंड विकास अधिकारी अलीगंज डॉ. शिव शंकर शर्मा, खंड विकास अधिकारी जैथरा उमेश अग्रवाल, खंड शिक्षा अधिकारी अलीगंज विनोद कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी जैथरा मुकेश कुमार सहित क्षेत्र के समस्त बीएलओ मौजूद रहे।
