नवनीत कुमार सिंह
मोतिहारी।दीपावली और लोक आस्था के महापर्व छठ के पावन अवसर पर पूर्वी चंपारण जिला प्रशासन ने समाज के वंचित तबके के साथ खुशियां साझा कर एक अनूठी मिसाल पेश की है।

जिलाधिकारी श्री सौरभ सुमन यादव और पुलिस अधीक्षक श्री स्वर्ण प्रभात के नेतृत्व में जिला प्रशासन की टीम ने मोतिहारी के जानपुल तेलियापट्टी महादलित बस्ती का दौरा किया।इस दौरान अधिकारियों ने बस्ती के महादलित परिवारों से मुलाकात कर उन्हें दीपावली और छठ पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।प्रशासन की ओर से पर्व के उल्लास को दोगुना करते हुए महादलित परिवारों को दीपावली के विशेष उपहार भेंट किए गए।
वहीं, टोले के बच्चों के बीच उत्साहवर्धन के लिए कॉपियां, पेंसिल और अन्य पठन-सामग्री का वितरण किया गया, जिसे पाकर बच्चों के चेहरे खिल उठे।जिला प्रशासन के इस मानवीय और संवेदनशील कदम से महादलित बस्ती के लोगों में अभूतपूर्व उत्साह देखा गया। स्थानीय ग्रामीणों ने डीएम सौरभ सुमन यादव, एसपी स्वर्ण प्रभात और पूरी प्रशासनिक टीम के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।ग्रामीणों का कहना था कि पहली बार इस तरह प्रशासनिक अधिकारी उनके बीच पहुंचे और उनके साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।

