सर्विलांस सेल और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में मिली सफलता, पुलिस अधीक्षक ने उत्कृष्ट कार्य करने वाली टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की।

बहराइच, 7 नवंबर। बहराइच पुलिस की सर्विलांस सेल ने गुम और खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से अलग-अलग कंपनियों के कुल 170 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 36 लाख रुपये बताई गई है। शनिवार को पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सुपुर्द किए।


पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। इसके तहत जनपदीय सर्विलांस टीम ने सभी थानों के साथ समन्वय स्थापित कर भारत सरकार के सीईआईआर (CEIR) पोर्टल की नियमित निगरानी की।
अभियान के दौरान एप्पल, सैमसंग, वीवो, ओप्पो, टेक्नो, रेडमी और वनप्लस समेत विभिन्न कंपनियों के कुल 170 मोबाइल फोन बरामद किए गए। मोबाइल वापस मिलने पर धारकों ने बहराइच पुलिस का आभार जताते हुए पुलिस की कार्यप्रणाली की सराहना की।

इस सराहनीय कार्य पर पुलिस अधीक्षक ने जनपदीय सर्विलांस टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की। मोबाइल बरामदगी में सीईआईआर पोर्टल पर नियुक्त कर्मियों और थाना स्तर पर गठित मोबाइल रिकवरी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

मोबाइल गुम होने पर यहां करें शिकायत
पुलिस अधीक्षक ने आमजन से अपील की है कि वे अपने मोबाइल फोन में संचार साथी एप डाउनलोड करें। मोबाइल गुम होने की स्थिति में मोबाइल की बिल, आईएमईआई नंबर और पहचान पत्र के साथ स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल के माध्यम से भी ऑनलाइन शिकायत की जा सकती है। इससे गुम मोबाइल को ब्लॉक कराने और उसकी बरामदगी की प्रक्रिया में मदद मिलती है।

बहराइच पुलिस की इस कार्रवाई से 170 लोगों को उनके खोए हुए मोबाइल वापस मिल सके।
