खेत में ट्रैक्टर चलाने को लेकर खूनी संघर्ष, आशिया बेगम के पति की मौत; सात आरोपी गिरफ्तार

रामगांव के मुरई पुरवा लौकना में दो पक्षों के बीच हुई थी मारपीट, पुलिस ने चार लाठी-डंडे किए बरामद

बहराइच। रामगांव थाना क्षेत्र के मुरई पुरवा लौकना गांव में खेत में ट्रैक्टर चलाने को लेकर दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। मारपीट में कई लोग घायल हो गए, जबकि उपचार के दौरान आशिया बेगम के पति की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चार लाठी-डंडे भी बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर को खेत में ट्रैक्टर चलाने की बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद के बाद मारपीट हुई थी। इसमें कई लोग घायल हो गए थे। सूचना मिलने पर रामगांव पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। उपचार के दौरान मुकदमे की वादिनी आशिया बेगम के पति की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 403/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी तथा क्षेत्राधिकारी महसी पवन कुमार के मार्गदर्शन में थाना रामगांव पुलिस ने साक्ष्य संकलन करते हुए 10 नवंबर को सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपियों में शामिल

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में मुबारक अली (46), जकव्वाद (19), दौलत अली उर्फ लड्डन (65), जुनाब अली (55), जोनब बेगम (57), नसीमुन निशा उर्फ चांदनी (20) और आशिया बेगम (52) शामिल हैं। सभी आरोपी मुरई पुरवा, लौकना थाना रामगांव जनपद बहराइच के निवासी बताए गए हैं।

चार लाठी-डंडे बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चार अदद लाठी-डंडे बरामद किए हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी दिवाकर तिवारी सहित रामगांव थाने के पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *