सर्दी के मौसम में बढ़ाई अभियान की रफ्तार, दानदाताओं से गर्म कपड़े देने की अपील

लखनऊ। अलीनगर सुनहरा, कृष्णानगर स्थित त्रिवेणी वस्त्र बैंक के संस्थापक एवं समाजसेवी रामानंद सैनी अपनी टीम के साथ सालभर जरूरतमंद लोगों को वस्त्र उपलब्ध कराने का कार्य कर रहे हैं। सर्दी के मौसम में उनका यह अभियान और तेज हो जाता है। इस बार उन्होंने दानदाताओं से अपील की है कि अब गर्मी के कपड़ों के बजाय केवल सर्दियों में उपयोग होने वाले गर्म कपड़े ही दान करें।

रामानंद सैनी ने बताया कि इस समय वस्त्र बैंक को कंबल, कोट, जैकेट, स्वेटर और अन्य ऊनी कपड़ों की अधिक आवश्यकता है, ताकि ठंड में जरूरतमंद लोगों को राहत पहुंचाई जा सके। जिन लोगों को गर्म कपड़ों की जरूरत है, वे त्रिवेणी वस्त्र बैंक से कभी भी कपड़े प्राप्त कर सकते हैं।
वह अपनी पत्नी मंजू सैनी, संस्था के उपाध्यक्ष ओमप्रकाश गुप्ता और इशांत सैनी के साथ प्रतिदिन झुग्गी-झोपड़ियों में पहुंचकर जरूरतमंद परिवारों को वस्त्र वितरित करते हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग स्वयं भी वस्त्र बैंक पहुंचकर कपड़े प्राप्त करते हैं।

इस सामाजिक अभियान में लखनऊ के तमाम संपन्न लोग भी अच्छे और उपयोगी कपड़े दान कर सहयोग कर रहे हैं। दानदाताओं के सहयोग और टीम की निरंतर मेहनत से त्रिवेणी वस्त्र बैंक जरूरतमंदों के लिए मदद का माध्यम बना हुआ है।
