अलीगंज युवा मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने और अधिक से अधिक पात्र युवाओं का मतदाता सूची में पंजीकरण सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से तहसील सभागार अलीगंज में इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों एवं इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब प्रभारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एईआरओ की उपस्थिति में विद्यालयों के प्रतिनिधियों को युवा मतदाता जागरूकता एवं पंजीकरण अभियान के प्रति संवेदनशील किया गया। बैठक का नेतृत्व एसडीएम अलीगंज डॉ. शशि शेखर ने किया।

इस दौरान तहसीलदार संजय सिंह भी मौजूद रहे।बैठक में एसडीएम ने कहा कि लोकतंत्र को मजबूत बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। मतदान केवल अधिकार ही नहीं, बल्कि एक जिम्मेदारी भी है। ऐसे में प्रत्येक पात्र युवा का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना आवश्यक है। इसके लिए इंटर कॉलेजों के प्रधानाचार्यों और ईएलसी प्रभारियों को अपने-अपने विद्यालयों में विद्यार्थियों के माध्यम से जागरूकता अभियान चलाने तथा निर्धारित आयु पूरी कर चुके युवाओं को मतदाता पंजीकरण के लिए प्रेरित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई और कहा कि युवा देश के लोकतंत्र की मजबूत नींव हैं।

18 वर्ष की आयु पूरी कर चुके प्रत्येक पात्र युवा को मतदाता के रूप में अपना पंजीकरण अवश्य कराना चाहिए। विद्यालयों के प्रधानाचार्य और ईएलसी प्रभारी इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। सभी लोग आपसी समन्वय के साथ युवाओं को मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करें, जिससे कोई भी पात्र युवा मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। तहसीलदार संजय सिंह ने कहा कि मतदाता पंजीकरण अभियान को प्रभावी बनाने के लिए विद्यालय स्तर पर विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता है।
पात्र युवाओं को फॉर्म-6 उपलब्ध कराकर उनके पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कराने में सहयोग करें। उन्होंने सभी प्रधानाचार्यों एवं ईएलसी प्रभारियों से अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने और अधिक से अधिक युवाओं को जागरूक करने का अनुरोध किया। बैठक के दौरान पात्र युवाओं के पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 वितरित किए गए साथ ही प्रधानाचार्यों से अपील की गई कि वे विद्यार्थियों और युवाओं तक अभियान की जानकारी पहुंचाकर उन्हें मतदाता बनने के लिए प्रेरित करें।
