उन्नाव जिला जेल में भाईदूज पर भावुक कर देने वाला नजारा, 200 बहनों ने भाइयों को लगाया तिलक

जेल के बाहर लगी लंबी कतारें, मिठाई खिलाकर मनाया त्योहार; कई भाई-बहनों की आंखें हुईं नम

संवाददाता

उन्नाव। जिला जेल में बुधवार को भाईदूज के पावन पर्व पर भावुक कर देने वाला नजारा देखने को मिला। जेल में बंद अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाने के लिए सुबह से ही बहनों की भीड़ उमड़ पड़ी। जेल के बाहर लंबी कतारें लग गईं। मुलाकात के लिए बहनों को घंटों इंतजार करना पड़ा। व्यवस्था बनाए रखने के लिए जेल प्रशासन की ओर से टोकन भी वितरित किए गए।

सुबह 10 बजे से मुलाकात का सिलसिला शुरू हुआ। इस दौरान करीब 200 बहनों ने जेल में बंद अपने भाइयों से मुलाकात कर उनके माथे पर तिलक लगाया और मिठाई खिलाकर भाईदूज का त्योहार मनाया। लंबे समय बाद अपनों को सामने देखकर कई भाई-बहनों की आंखें नम हो गईं। भावुक माहौल में किसी बहन ने भाई को गले लगाया तो किसी ने उसकी सलामती और अच्छे भविष्य की कामना की।

इस दौरान कई बहनों ने भाइयों को उपहार देने के बजाय उनसे अच्छाई और नेकी के रास्ते पर चलने की अपील की। साथ ही भविष्य में गलतियां न दोहराने और समाज की मुख्यधारा में लौटकर बेहतर जीवन जीने का वचन भी लिया। मुलाकात के दौरान भाई-बहनों के बीच प्रेम और अपनापन साफ नजर आया।

जेल प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम

भाईदूज के अवसर पर दूर-दराज से आने वाली बहनों की सुविधा को देखते हुए जेल अधीक्षक पंकज सिंह ने विशेष इंतजाम कराए। मुलाकात को व्यवस्थित बनाने के लिए टोकन व्यवस्था लागू की गई, ताकि भीड़ के बीच किसी को परेशानी न हो। प्रशासन की ओर से ऐसी व्यवस्था की गई कि कोई भी बहन इस पावन अवसर पर अपने भाई से मुलाकात करने से वंचित न रहे।

जिला जेल में भाईदूज पर देखने को मिला यह दृश्य भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और रिश्तों की मिठास को बयां कर गया। जेल की चारदीवारी के बीच कुछ पलों की इस मुलाकात ने कई चेहरों पर मुस्कान तो कई आंखों में आंसू ला दिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *