बाइकों की मामूली टक्कर ने मचाया बवाल, दो पक्षों में जमकर चले लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर


दोनों पक्षों में खूनी संघर्ष, मारपीट की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद, महिला समेत कई लोग घायल

अलीगंज दो बाइकों की आपस में टक्कर होने की मामूली बात ने ऐसा तूल पकड़ा कि देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए। कहासुनी से शुरू हुआ विवाद मारपीट और पथराव तक पहुंच गया। गेस्ट हाउस के सामने किला रोड पर दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे चले और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसाए गए। अचानक हुए इस संघर्ष से सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। मारपीट की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हुए हैं।


जानकारी के अनुसार थाना अलीगंज क्षेत्र में भरपुरा और बिचपुरी गांव के रहने वाले दो पक्षों के बीच बाइकों की आपस में टक्कर को लेकर विवाद शुरू हुआ था। बताया जाता है कि बाइक टकराने के बाद दोनों पक्षों के लोगों में कहासुनी होने लगी। शुरुआत में मामूली दिखाई देने वाला विवाद कुछ ही देर में उग्र हो गया। दोनों तरफ से लोग आमने-सामने आ गए और देखते ही देखते लाठी-डंडों के साथ मारपीट शुरू हो गई। इसके बाद ईंट-पत्थर भी चलने लगे। सड़क पर हुए इस हंगामे के दौरान लोगों में भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। विवाद में भरपुरा पक्ष से अभिषेक पुत्र रामजी लाल, सुरजीत पुत्र हरिकिशन, राजीव पुत्र हरिकिशन, हरिकिशन पुत्र लज्जाराम, पूनम देवी पत्नी हरिकिशन, अंजू, रूबी, कीर्ति और प्रियंका घायल हुए हैं।

वहीं दूसरे पक्ष बिचपुरी निवासी राम पुत्र ब्रजराज, राजकुमार पुत्र हरिसिंह, नेक्से पुत्र तेजपाल और विशाल कुमार पुत्र गिरीश चंद भी मारपीट में घायल हुए हैं। दोनों पक्षों के बीच हुई मारपीट में महिला और पुरुषों समेत कई लोगों को चोटें आई हैं। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। विवाद के दौरान हुई मारपीट और पथराव की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई हैं।


सीओ राजेश सिंह ने बताया कि दो पक्षों के बीच बाइक टकराने को लेकर विवाद होने की जानकारी मिली है। घटना की जांच कराई जा रही है और मौके से जुड़े तथ्यों को जुटाया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज सहित उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जाएगी।

दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद और मारपीट में घायल लोगों के संबंध में भी जानकारी की जा रही है। किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *