शूटिंग और घुड़सवारी के टैलेंट शो ने खींचा आकर्षण

अलीगंज। बाल दिवस के अवसर पर शनिवार को टीडी पब्लिक स्कूल अलीगंज में बाल मेला-2026 का आयोजन बड़े ही धूमधाम और उत्साह के साथ किया गया। मेले में बच्चों की उमंग, उत्साह और प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिला। रंग-बिरंगे स्टॉल, आकर्षक खेल, झूले और मनोरंजक गतिविधियों ने पूरे विद्यालय परिसर को उत्सव के माहौल में बदल दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रबंधक विवेक यादव ने किया।
बाल मेले में बच्चों के मनोरंजन के साथ-साथ उनकी प्रतिभा और रचनात्मकता को निखारने पर विशेष जोर दिया गया। मेले का मुख्य आकर्षण विभिन्न प्रकार के स्वादिष्ट व्यंजनों से सजे फूड स्टॉल रहे। इन स्टॉलों पर बच्चों को अलग-अलग तरह के लजीज पकवानों का स्वाद चखने का अवसर मिला। इसके अलावा रोमांचक खेलों और मनोरंजक गतिविधियों ने बच्चों को खूब आकर्षित किया। प्राथमिक कक्षाओं के विद्यार्थियों ने विभिन्न प्रकार के झूलों और खेलों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। दोस्तों के साथ खेलकूद और मनपसंद व्यंजनों का आनंद लेते हुए बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे। मेले में आयोजित टैलेंट शो ने कार्यक्रम को और भी खास बना दिया।

इसमें विद्यार्थियों ने शूटिंग, घुड़सवारी सहित अन्य गतिविधियों में अपनी प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन किया। बच्चों के आत्मविश्वास और उत्साह ने उपस्थित लोगों का ध्यान आकर्षित किया। विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ कुछ नया सीखने का अवसर भी मिला। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य ने सभी विद्यार्थियों को बाल दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ इस तरह के रचनात्मक और मनोरंजक आयोजनों का भी विशेष महत्व है।

ऐसे कार्यक्रम बच्चों को किताबी ज्ञान से आगे बढ़कर व्यावहारिक जीवन की महत्वपूर्ण सीख देते हैं। उन्होंने कहा कि टीडीपीएस, अलीगंज में बाल मेले जैसे आयोजनों के माध्यम से विद्यार्थियों में सहयोग, सामूहिक कार्य, उद्यमिता और नेतृत्व क्षमता जैसे जीवनोपयोगी गुण विकसित करने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि जब बच्चे स्वयं गतिविधियों में भाग लेते हैं और अपनी जिम्मेदारियों को समझते हैं तो उनमें आत्मविश्वास के साथ निर्णय लेने की क्षमता भी विकसित होती है।

बाल मेला बच्चों के लिए मनोरंजन के साथ सीखने और अपनी प्रतिभा को पहचानने का बेहतर मंच साबित हुआ। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने मेले की विभिन्न गतिविधियों का भरपूर आनंद लिया। इस विशेष आयोजन में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।
