58 मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने हजारों मरीजों का किया उपचार

11 राज्यों के चिकित्सकों ने 32 स्टॉलों पर दीं स्वास्थ्य सेवाएं, निःशुल्क जांच के साथ वितरित की गईं दवाएं

संवाददाता आकाश मिश्र

बहराइच।गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 7.0 के अंतर्गत श्री मरी माता मंदिर परिसर में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में देश के 11 राज्यों के 58 मेडिकल कॉलेजों से पहुंचे विशेषज्ञ चिकित्सकों एवं चिकित्सा विद्यार्थियों ने हजारों मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस दौरान मरीजों को निःशुल्क चिकित्सकीय परामर्श देने के साथ दवाओं का वितरण भी किया गया। स्वास्थ्य शिविर में कुल 32 स्टॉल लगाए गए थे।

इनमें जनरल मेडिसिन, सर्जरी, न्यूरो सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति रोग, नाक-कान-गला, दंत रोग और आयुष सहित विभिन्न चिकित्सा विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उपचार संबंधी परामर्श दिया। समापन समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक कौशल ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य सुदूर वनवासी एवं सीमावर्ती क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक विशेषज्ञ चिकित्सकीय सुविधाएं पहुंचाना है।

वहीं, राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि इस प्रकार के सेवा कार्यों से जरूरतमंद लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलती हैं। साथ ही समाज में सेवा, समर्पण और सहयोग की भावना को मजबूती मिलती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्य सूचना आयुक्त वीरेंद्र वत्स ने की। इस अवसर पर लोहिया संस्थान के महानिदेशक प्रो. सीएम सिंह, जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय, पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजय कुमार, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय खत्री समेत बड़ी संख्या में चिकित्सक, जनप्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *