यातायात नियमों की अनदेखी पड़ सकती है भारी, छात्राओं ने रैली निकालकर किया जागरूक


सड़क सुरक्षा पखवाड़े के तहत हुई भाषण प्रतियोगिता में नोएडा और सीट बेल्ट के प्रयोग का संदेश दिया गया

Oplus_16908288

अलीगंज सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही किसी की जिंदगी पर भारी पड़ सकती है। तेज रफ्तार, बिना हेलमेट वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रही है। इसी को लेकर बुधवार को लोकमाता अहिल्याबाई होलकर राजकीय महिला महाविद्यालय, भरापुरा में सड़क सुरक्षा पखवाड़े के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं ने भाषण प्रतियोगिता के माध्यम से सड़क सुरक्षा के महत्व को समझाया और जागरूकता रैली निकालकर आमजन को यातायात नियमों के पालन का संदेश दिया।


कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के साथ इस संदेश को परिवार और समाज तक पहुंचाना रहा। भाषण प्रतियोगिता में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के कारण, यातायात नियमों की आवश्यकता, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व तथा सुरक्षित वाहन संचालन जैसे विषयों पर अपने विचार रखे। छात्राओं ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दीपांकर सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि यातायात नियमों का पालन करके सड़क दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का प्रयोग अनिवार्य रूप से करना चाहिए। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, यातायात संकेतों का पालन करने और वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने की भी अपील की।

उन्होंने कहा कि सड़क पर बरती गई थोड़ी सी सावधानी किसी का जीवन बचा सकती है। कार्यक्रम प्रभारी डॉ. अभिनव द्विवेदी ने दुर्घटनाओं के प्रमुख कारणों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि तेज रफ्तार, नशे में वाहन चलाना और यातायात नियमों की अनदेखी गंभीर हादसों की वजह बनती है। उन्होंने छात्राओं से स्वयं नियमों का पालन करने और अपने परिवार तथा आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया। भाषण प्रतियोगिता के बाद महाविद्यालय परिसर से जागरूकता रैली निकाली गई।

छात्राओं ने आमजन और वाहन चालकों को हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने, गति नियंत्रित रखने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के सफल आयोजन में वरिष्ठ सहायक विजेंद्र कुमार तथा आउटसोर्सिंग कर्मचारी आकाश कुमार, अभिषेक यादव और संजू शर्मा ने सहयोग किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *