भूमि विवादों में पुलिस-राजस्व की संयुक्त टीम मौके पर जाकर करेगी जांच
बहराइच। शनिवार को जनपद के सभी थानों पर थाना समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इसी क्रम में जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने राजस्व विभाग की टीम के साथ थाना कोतवाली देहात में आयोजित थाना समाधान दिवस की संयुक्त अध्यक्षता की।

इस दौरान अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याएं सुनकर संबंधित अधिकारियों को शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए। उच्चाधिकारी स्तर पर निस्तारित होने वाले मामलों को आवश्यक अभिलेखों के साथ तत्काल संबंधित अधिकारी को भेजने को कहा।
भूमि विवादों के मामलों में पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीम को मौके पर जाकर जांच करने तथा आपसी समन्वय से नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने शिकायतों के निस्तारण में पारदर्शिता, संवेदनशीलता और जवाबदेही बनाए रखने पर जोर दिया।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी, क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्रा, थाना प्रभारी कोतवाली देहात सहित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। जनपद के अन्य थानों पर भी क्षेत्राधिकारियों ने उपस्थित रहकर जनशिकायतों की सुनवाई की।
