बैरक, अस्पताल, पाकशाला और स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा, संवेदनशील बंदियों पर निगरानी रखने के निर्देश
बहराइच, 28 नवंबर। जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने शनिवार को जिला कारागार का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने जेल परिसर की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुरुष बैरक, महिला बैरक, बंदी पाकशाला, क्रीड़ास्थल और अस्पताल वार्ड का भ्रमण किया गया। अधिकारियों ने बंदियों की मूलभूत सुविधाओं, स्वास्थ्य सेवाओं और स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति देखी तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जेल अधीक्षक को निर्देशित किया गया कि कारागार का नियमित निरीक्षण किया जाए और शातिर एवं संवेदनशील बंदियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाए। साथ ही बंदियों की गतिविधियों से संबंधित अद्यतन जानकारी समय-समय पर उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराने को कहा गया।

अधिकारियों ने कारागार की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने, सभी सीसीटीवी कैमरों को निरंतर क्रियाशील रखने तथा जेल मैनुअल के अनुसार व्यवस्थाओं का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण दुर्गा प्रसाद तिवारी सहित प्रशासन एवं पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
