अलीगंज क्षेत्र के जनता इंटर कॉलेज कैल्ठा में वार्षिक गृह परीक्षा परिणाम का वितरण बड़े उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. डी.के. सिंह ने छात्र-छात्राओं को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

परिणाम के अनुसार कक्षा 6 में सुशांत ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 7 में प्रगति और कक्षा 8 में काव्य श्रीवास्तव ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि आयुषी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा 9 में काजल प्रथम तथा निलेश द्वितीय स्थान पर रहे। कक्षा 11 में हिमांशु गौतम ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अनुपम द्वितीय और नूर बानो तृतीय स्थान पर रहीं।
विद्यालय स्तर पर कक्षा 8 की छात्रा काव्य श्रीवास्तव ने 91 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर सर्वोच्च स्थान हासिल किया। इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार द्वारा उन्हें मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही अन्य सफल छात्र-छात्राओं को भी मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर प्रधानाचार्य डॉ. डी.के. सिंह ने कहा कि मेहनत ही सफलता की कुंजी है। जो विद्यार्थी निरंतर परिश्रम करते हैं, वही अपने परिवार, शहर और प्रदेश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने सभी विद्यार्थियों को आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए कड़ी मेहनत करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं अन्य स्टाफ भी उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: दिलीप सिंह, मंडल ब्यूरो, एटा (उत्तर प्रदेश)
