100 केवी ट्रांसफार्मर का फेज फुंका, कस्बे में डिम वोल्टेज और घंटों कटौती से उपभोक्ता बेहाल; विभाग ने टेस्टिंग का दिया हवाला
दिलीप सिंह
एटा। भीषण गर्मी के बीच अलीगंज कस्बे की बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र पर खराब हुए 5 एमवीए ट्रांसफार्मर के स्थान पर 28 जून को राजा का रामपुर से दूसरा ट्रांसफार्मर लाकर लगाया गया था, लेकिन चार दिन बीत जाने के बाद भी उसे चालू नहीं किया जा सका। विभाग लगातार टेस्टिंग और तकनीकी प्रक्रिया का हवाला दे रहा है, जबकि उपभोक्ता घंटों बिजली कटौती और डिम वोल्टेज की समस्या से जूझ रहे हैं।

बुधवार शाम करीब 7 बजे 100 केवी ट्रांसफार्मर का एक फेज खराब हो जाने से कस्बे के अधिकांश मोहल्लों में डिम वोल्टेज की समस्या पैदा हो गई। उमस भरी गर्मी में लोगों को पूरी रात परेशानी का सामना करना पड़ा।
गोविंद दास मोहल्ला निवासी अमित गुप्ता ने बताया कि शिकायत लेकर रात में बिजलीघर भी पहुंचे, लेकिन उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई। उनका आरोप है कि जिम्मेदार अधिकारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे छोटे बच्चों और बुजुर्गों को रातभर भारी परेशानी झेलनी पड़ी।

स्थानीय निवासी लड़ेते सिंह ने आरोप लगाया कि अलीगंज में विद्युत विभाग की व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है और आम लोगों की सुनने वाला कोई नहीं है। वहीं राहुल तोमर का कहना है कि 5 एमवीए ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद से कस्बे की बिजली व्यवस्था भगवान भरोसे चल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगाया गया ट्रांसफार्मर पुराना है और अब तक चालू भी नहीं हो सका।
मामले पर अलीगंज के जूनियर इंजीनियर अतर सिंह ने बताया कि बुधवार शाम 100 केवी ट्रांसफार्मर का एक फेज खराब हो गया था, जिससे आधे कस्बे में डिम वोल्टेज की समस्या उत्पन्न हुई। उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए एक-एक घंटे के अंतराल पर बिजली आपूर्ति कराई गई। फॉल्ट दूर करने का कार्य जारी है और 5 एमवीए ट्रांसफार्मर की टेस्टिंग पूरी होते ही उसे भी चालू कर दिया जाएगा।
