शादी की खुशियां मातम में बदलीं: सड़क हादसे में घायल विवाहिता की इलाज के दौरान मौत

26 जून को अगौनापुर मोड़ पर हुई थी बाइक-स्कूटी की भिड़ंत, सैफई मेडिकल कॉलेज में तोड़ा दम; पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया

अलीगंज। अलीगंज क्षेत्र में छह दिन पहले हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल विवाहिता की इलाज के दौरान मौत हो गई। गुरुवार देर रात सैफई मेडिकल कॉलेज में उपचार के दौरान महिला ने दम तोड़ दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहां खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

मृतका के भाई राजू सक्सेना ने बताया कि उनकी बहन मुन्नी देवी (23) पत्नी सुरेंद्र सिंह, निवासी ग्राम पवारान खिरिया, 26 जून की शाम अपने भाई सुरजीत और क्रांति देवी के साथ बाइक से अलीगंज शादी की खरीदारी करने आ रही थीं। परिवार में उनकी ननद शिखा की बारात आनी थी, जिसके लिए अंतिम तैयारियां चल रही थीं।

शाम करीब 4:30 बजे अगौनापुर मोड़ के पास सामने से आ रही एक स्कूटी से उनकी बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार तीनों लोग घायल हो गए, जबकि स्कूटी सवार निशा (26) और उनकी चाची पुष्पा (50), निवासी हरनावली, थाना बागवाला भी चोटिल हो गईं। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद मुन्नी देवी और सुरजीत को गंभीर हालत में सैफई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया था।

राजू सक्सेना ने बताया कि सैफई मेडिकल कॉलेज में कई दिनों तक चले उपचार के बावजूद बुधवार और गुरुवार की मध्यरात्रि उनकी बहन मुन्नी देवी ने दम तोड़ दिया। हादसे के बाद पूरे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।

दुर्घटना के समय दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया था। पुलिस ने घटना की जांच शुरू की थी।

मामले पर अलीगंज के प्रभारी थानाध्यक्ष मनीष कुमार बलियान ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घायल महिला की इलाज के दौरान मौत होने के बाद मामले में नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस सभी तथ्यों की जांच कर रही है।

दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *