बहराइच। महसी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत रायपुर में पिछले लगभग 18–20 दिनों से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप पड़ी है, जिससे करीब 200 उपभोक्ता भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। भीषण गर्मी के इस दौर में बिजली न मिलने से ग्रामीणों का जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

ग्रामीणों के अनुसार, गांव में स्थापित 25 केवी का ट्रांसफार्मर खराब हो चुका है और बार-बार जल जा रहा है, जिसके चलते विद्युत आपूर्ति बाधित बनी हुई है। समस्या की जानकारी संबंधित विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कई बार दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विभागीय लापरवाही के चलते स्थिति और गंभीर होती जा रही है। साथ ही यह भी आरोप है कि लाइनमैन द्वारा प्राइवेट व्यक्तियों से काम कराया जा रहा है, जो नियमों के विरुद्ध है।
इसके अतिरिक्त, गांव में कुछ लोगों द्वारा बेहड़ा पावर हाउस और महसी पावर हाउस से अवैध रूप से डबल लाइन खींचकर बिजली उपयोग की जा रही है, जिससे ट्रांसफार्मर पर अतिरिक्त भार पड़ता है और वह बार-बार जल जाता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांव में तत्काल 64 केवी का नया ट्रांसफार्मर स्थापित कराया जाए तथा अवैध बिजली कनेक्शनों की जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे।
इस दौरान बबलू शुक्ला, उमाशंकर वाजपेयी, हिमांशु वाजपेयी, रमेश, मंसूर अली, हजरत अली, संतोष सोनी व अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
