बहराइच। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन साइवज्र अभियान के तहत बहराइच पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने संगठित रूप से साइबर फ्रॉड करने वाले 13 आरोपियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। इसी मामले में वांछित 7 शातिर साइबर अपराधियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेजा गया है।

पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण द्वारा साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक बहराइच विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देश पर की गई। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष विक्रम सिंह और अपर पुलिस अधीक्षक अपराध दुर्गा प्रसाद तिवारी के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर नारायण दत्त मिश्र के मार्गदर्शन में की गई।
संगठित गिरोह बनाकर करते थे साइबर फ्रॉड
पुलिस के मुताबिक जनपद में साइबर फ्रॉड से संबंधित शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए विभिन्न थानों में मुकदमे दर्ज किए गए थे। जांच में सामने आया कि कुछ आरोपी संगठित गिरोह बनाकर आर्थिक लाभ के लिए कमजोर और बेरोजगार लोगों तथा परिचितों के बैंक खातों एवं एटीएम से जुड़ी जानकारी हासिल कर साइबर फ्रॉड करते थे।
ऐसे कुल 13 साइबर अपराधियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ नियमानुसार गैंग चार्ट तैयार किया गया। जिला मजिस्ट्रेट बहराइच से अनुमोदन के बाद थाना दरगाह शरीफ में मु0अ0सं0 406/2026, धारा 3(1) उत्तर प्रदेश गैंगस्टर अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
7 साइबर अपराधी गिरफ्तार
गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे की विवेचना के दौरान 10 सितंबर 2026 को विभिन्न थानों की संयुक्त पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए 7 वांछित साइबर आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में मो. आमिर (26), रामजी यादव (35), सौरभ मिश्रा (20), फहीम (28), साहिल बेग (23), सत्येंद्र कुमार चौहान और संतोष सिंह शामिल हैं। पुलिस के अनुसार सभी आरोपी बहराइच जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के रहने वाले हैं।
गिरफ्तारी के बाद सभी आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय बहराइच भेजा गया।
पहले से दर्ज हैं साइबर अपराध के मुकदमे
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में कई के खिलाफ पहले से साइबर फ्रॉड और अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। इनमें थाना दरगाह शरीफ, साइबर क्राइम थाना बहराइच और थाना मोतीपुर में दर्ज मामले शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि साइबर अपराधियों के संगठित गिरोह पर कार्रवाई का उद्देश्य साइबर फ्रॉड पर प्रभावी अंकुश लगाना और ऐसे अपराधियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करना है।
संयुक्त पुलिस टीम ने की गिरफ्तारी
गिरफ्तारी की कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विजेन्द्र कुमार मिश्रा, निरीक्षक जयराम यादव, उपनिरीक्षक शिवम कनौजिया, रवि कुमार यादव, धीरेन्द्र कुमार, जितेन्द्र यादव, अभय पाण्डेय सहित पुलिसकर्मियों की संयुक्त टीम शामिल रही।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और संगठित रूप से साइबर फ्रॉड करने वाले आरोपियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
