दिलीप सिंह अलीगंज एटा
अमरोली रोड पर बाइक सवार युवकों से मारपीट का वीडियो आने के बाद फिर भड़का विवाद, दोनों पक्ष आमने-सामने; पुलिस जांच में जुटी

अलीगंज। पुरानी रंजिश को लेकर अलीगंज और नयागांव थाना क्षेत्र में लगातार दूसरे दिन भी हिंसक घटनाएं सामने आई हैं। गुरुवार शाम अलीगंज थाना क्षेत्र के अमरोली रोड पर बाइक सवार दो युवकों के साथ मारपीट की गई, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वहीं शुक्रवार सुबह ग्राम कूड़ा स्थित निर्माणाधीन एस इंटरनेशनल स्कूल में लाठी-डंडों और ईंटों से हमला कर एक व्यक्ति को गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगाया गया। दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है।

गुरुवार शाम हुई घटना में ग्राम कूड़ा निवासी अमित यादव पुत्र राकेश सिंह और विक्रांत सिंह पुत्र ध्रुवजीत सिंह घायल हो गए थे। दोनों ने ग्राम प्रधान उपेंद्र यादव और उनके साथियों पर हमला करने का आरोप लगाया था। घटना का वीडियो भी सामने आया, जिसमें दोनों पक्षों के बीच मारपीट होती दिखाई दे रही है। घटना के बाद कोतवाली अलीगंज पुलिस ने ग्राम प्रधान उपेंद्र यादव का शांति भंग की आशंका में चालान कर दिया था।

इसी विवाद की कड़ी में शुक्रवार सुबह करीब 7:30 बजे थाना नयागांव क्षेत्र के ग्राम कूड़ा स्थित निर्माणाधीन एस इंटरनेशनल स्कूल में फिर से बवाल हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती सत्येंद्र यादव पुत्र राजवीर सिंह (52 वर्ष) ने आरोप लगाया कि वह स्कूल परिसर में मौजूद थे, तभी प्रदीप पुत्र पंजाब सिंह, विक्रांत पुत्र ध्रुवजीत सिंह और हरदौल पुत्र ध्रुवजीत सिंह अपने साथियों के साथ पहुंचे और लाठी-डंडों व ईंटों से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए
घायल सत्येंद्र यादव ने बताया कि घटना के तुरंत बाद डायल-112 और थाना नयागांव पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गए। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया गया।हांलाकि उन्होंने आरोप लगाया, कि अभी तक थाना नयागांव पुलिस ने उनका मेडिकल भी नहीं कराया है ल।
पुलिस बोली— पुरानी रंजिश बनी हिंसा की वजह, जांच के बाद होगी कार्रवाई
थाना नयागांव के प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले की लिखित शिकायत प्राप्त हुई है। जांच के लिए हल्का प्रभारी को मौके पर भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। सभी तथ्यों की जांच के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
