गोंडा। नगर कोतवाली क्षेत्र में एक छात्र के साथ मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार नगर कोतवाली क्षेत्र के एसपी इलेक्ट्रॉनिक आवास विकास के सामने यह घटना हुई। बताया जा रहा है कि 17 वर्षीय छात्र प्रखर श्रीवास्तव अपना एडमिट कार्ड निकलवाने के लिए एक साइबर कैफे जा रहा था। इसी दौरान रास्ते में कुछ युवकों ने उसे रोक लिया। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि खुद को ‘छोटी सेना’ गैंग से जुड़ा बताने वाले युवकों ने छात्र से बीयर पीने के लिए 2 हजार रुपये की मांग की।
जब छात्र ने पैसे देने से इनकार किया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी भी दी। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि अर्पित पांडेय, अभिषेक कश्यप, देवेंद्र श्रीवास्तव समेत अन्य युवकों ने मिलकर छात्र के साथ हाथापाई की। वायरल सीसीटीवी फुटेज में भी कुछ युवक छात्र को सड़क पर रोकते और उसके साथ धक्का-मुक्की करते दिखाई दे रहे हैं। मौके पर मौजूद एक युवक ने बीच-बचाव की कोशिश भी की, लेकिन विवाद बढ़ता गया।
घटना के बाद हमलावरों में से एक युवक कथित तौर पर पीड़ित की मोटरसाइकिल पर बैठकर आगे चला गया। पीड़ित छात्र के पिता आशीष कुमार श्रीवास्तव ने नगर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं, पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है और जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
