अलीगंज। ऱविवार को दोपहर करीब तीन बजे कस्बे में आकाशीय बिजली गिरने से कई घरों में विद्युत उपकरण फुंक गए। तेज गर्जना के साथ बिजली गिरने से कुछ समय के लिए इलाके में भयावह मंजर बन गया। तेज आवाज और अचानक हुए विद्युत प्रवाह से लोग सहम गए और घरों में कैद होकर रह गए। लोग कुछ देर तक यह समझ नहीं पा रहे थे कि ऐसी स्थिति में क्या करें। बाहर निकलने में भी डर लग रहा था और घर के अंदर भी लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे थे।

कस्बे के मोहल्ला सुदर्शन दास निवासी जगदीश प्रसाद ने बताया कि दोपहर करीब तीन बजे बिजली के खंभे पर आकाशीय बिजली गिरने से विद्युत आपूर्ति में तेज करंट का झटका आया। इसके चलते उनके घर में लगी बैटरी और तीन पंखे फुंक गए। वहीं होल्डर में लगे बल्ब तेज झटके के कारण दूर जाकर गिरे। घटना के दौरान घर में मौजूद परिजन घबरा गए और कुछ समय तक दहशत का माहौल बना रहा।
इसी तरह मोहल्ला कूचादायम निवासी इकबाल के घर में भी आकाशीय बिजली गिरने से सोलर पैनल सिस्टम पूरी तरह खराब हो गया। इसके अलावा कूलर, पंखा और बल्ब सहित अन्य विद्युत उपकरण भी फुंक गए। अचानक हुई इस घटना से मोहल्ले के लोगों में भी भय व्याप्त हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आकाशीय बिजली गिरने की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग भी घरों से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं जुटा सके। कुछ देर बाद स्थिति सामान्य होने पर लोगों ने अपने-अपने घरों में हुए नुकसान का जायजा लिया। आकाशीय बिजली से विद्युत उपकरणों के नुकसान के बाद प्रभावित परिवारों ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर उचित सहायता दिलाए जाने की मांग की है।
दिलीप सिंह अलीगज एटा
