
संतकबीरनगर। जनपद के धनघटा थाना क्षेत्र में एक दलित युवती को जातिसूचक शब्द कहकर प्रताड़ित करने और उसे आत्महत्या के लिए मजबूर करने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने शनिवार को नामजद प्रेमी और उसकी मां को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।
अंतरजातीय प्रेम के बाद किया प्रताड़ित
पुलिस के अनुसार, विशुनपुर निवासी अमरजीत राजभर से एक 19 वर्षीय दलित युवती अंतरजातीय प्रेम करती थी। वह अपनी मर्जी से प्रेमी अमरजीत के साथ उसके घर पर रह रही थी। परिजनों का आरोप है कि कुछ दिनों तक सब ठीक रहने के बाद अमरजीत और उसके परिवार ने युवती को मानसिक व शारीरिक रूप से प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोपी उसे लगातार जातिसूचक शब्द (चमारिन) कहकर अपमानित करते थे।
अपमान से तंग आकर दी जान
इस निरंतर होने वाले जातिगत दुर्व्यवहार और अपमान से तंग आकर युवती ने बीते 28 मई 2026 की रात करीब 8 बजे आत्महत्या कर ली थी। मृतका के पिता की तहरीर पर धनघटा पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 377/2026 के तहत बीएनएस की धारा 108, 352 और एससी/एसटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया था।
हैसर रोड से हुई गिरफ्तारी
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन व क्षेत्राधिकारी अभयनाथ मिश्र के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने शनिवार (13 जून) को त्वरित कार्रवाई की। उपनिरीक्षक रवीन्द्र सिंह यादव, कांस्टेबल रवि कुमार, रोहित राज और महिला कांस्टेबल प्रिया तिवारी की टीम ने वांछित अभियुक्त अमरजीत और उसकी मां रीता देवी को धनघटा-हैसर रोड से गिरफ्तार कर लिया।
