
संतकबीरनगर। आगामी बकरीद पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को थाना धर्मसिंहवा क्षेत्र के ग्राम मुसहरा में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी आलोक कुमार एवं पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने लोगों से आपसी सौहार्द, भाईचारे और शांति के साथ त्योहार मनाने की अपील की।बैठक में ग्राम प्रधान, धर्मगुरु, जनप्रतिनिधि एवं क्षेत्र के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। अधिकारियों ने त्योहार के दौरान आने वाली समस्याओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने को कहा।
अधिकारियों ने सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील करते हुए चेतावनी दी कि भड़काऊ अथवा साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।बैठक के बाद जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने ग्राम मुसहरा में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और आमजन को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
इस दौरान उपजिलाधिकारी मेंहदावल अरूण कुमार, क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह, थानाध्यक्ष धर्मसिंहवा सुरेन्द्र कुमार सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
