रक्षाबंधन पर हादसों ने फीका किया त्योहार का उत्साह, तीन दुर्घटनाओं में कई घायल

अलीगंज। रक्षाबंधन के त्योहार पर शुक्रवार को अलीगंज क्षेत्र में हुए तीन अलग-अलग सड़क हादसों में कई लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस और एंबुलेंस की मदद से सीएचसी अलीगंज में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

कलीजर में बोलेरो ने ऑल्टो में मारी टक्कर

पहली घटना ग्राम कलीजर के पास हुई। जैथरा थाना क्षेत्र के ग्राम रामराय निवासी योगेश कुमार परिवार के साथ ऑल्टो कार से थाना मेरापुर क्षेत्र के ग्राम उनासी जा रहे थे। तभी सामने से आ रही बोलेरो ने उनकी कार में टक्कर मार दी। हादसे में योगेश, सोनी पत्नी निर्देश, श्वेता पत्नी अवनीश, कमला देवी पत्नी प्रेमपाल, संगीता पत्नी योगेश कुमार तथा बच्चे भास्कर, आर्यन, परी और उद्यांश घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाया और दोनों वाहनों को कब्जे में लिया।

भरापुरा में युवक घायल

दूसरी घटना ग्राम भरापुरा के पास हुई। निवासी हिमांशु पुत्र राजबहादुर रक्षाबंधन पर अपनी मां को मोहम्मदाबाद क्षेत्र के ग्राम सिरौली ले जा रहा था। गांव से निकलते समय हादसे में हिमांशु गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी अलीगंज में भर्ती कराया।

अमरोली मोड़ पर बाइक भिड़ीं

तीसरी घटना थाना मेरापुर क्षेत्र के अमरोली मोड़ पर हुई। मसौना निवासी हरपाल सिंह, हरदौल और सुमित बाइक से ग्राम बबीना राखी बंधवाने जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आई बाइक से टक्कर हो गई। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। एंबुलेंस से उन्हें सीएचसी अलीगंज लाया गया।

रक्षाबंधन के दिन हुए हादसों से कई परिवारों की खुशियां चिंता में बदल गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *