बहराइच में यातायात पुलिस का अभियान, मॉडिफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न पर कार्रवाई


बहराइच। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से यातायात पुलिस बहराइच द्वारा विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक बहराइच श्री विश्वजीत श्रीवास्तव के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री आयुष विक्रम सिंह के पर्यवेक्षण में संचालित किया गया।


यातायात पुलिस, सीसीटी टीम एवं स्थानीय पुलिस द्वारा चौराहों, तिराहों और टोल प्लाजा पर संयुक्त चेकिंग अभियान चलाकर वाहनों की जांच की गई। अभियान के दौरान मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न, हूटर/सायरन तथा नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की गई।


यातायात पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार मॉडिफाइड साइलेंसर लगे वाहनों पर 11 चालान, प्रेशर हॉर्न के प्रयोग पर 74 चालान, हूटर/सायरन के प्रयोग पर 1 चालान तथा नशे की हालत में वाहन चलाने पर 15 चालान किए गए।


यातायात पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। साथ ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और सुरक्षित वाहन चलाने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *