महिला-पुरुष में नहीं, हक में समानता चाहिए—नारेबाजी के बीच सरकार से निर्णय की मांग
अलीगंज। अलीगंज ब्लॉक सभागार में शनिवार को नारी शक्ति का गुस्सा खुलकर सामने आया, जब 33 प्रतिशत आरक्षण की मांग को लेकर सैकड़ों महिलाओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम की शुरुआत ब्लॉक सभागार में बैठक के साथ हुई, जिसमें महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करते हुए संघर्ष के लिए प्रेरित किया गया।

बैठक के उपरांत महिलाओं की आक्रोश प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गर्म रहा। मंच का संचालन कुमारी आशीष राजपूत द्वारा किया गया। जिसके उपरांत नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला। यह जुलूस ब्लॉक सभागार से शुरू होकर डीएवी कॉलेज होते हुए पड़ाव स्थल तक पहुंचा, जहां विपक्षियों का पुतला फूंककर महिलाओं ने अपना आक्रोश जाहिर किया। प्रदर्शन के दौरान माहौल काफी गरम रहा। महिलाओं ने हाथों में तख्तियां लेकर 33% आरक्षण हमारा अधिकार है और महिला शक्ति का अपमान नहीं सहेंगे जैसे नारे लगाए।
जिला उपाध्यक्ष कुमारी आशीष राजपूत ने कहा कि सदन में 16, 17 और 18 तारीख को हुई बहस में विपक्ष ने महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने से इनकार कर दिया, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जनगणना के नाम पर आरक्षण टालना महिलाओं के अधिकारों के साथ अन्याय है। जिला अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता ने कहा कि महिलाओं की यह जागरूकता समाज में बड़े बदलाव का संकेत है। आज महिलाएं अपने अधिकारों को लेकर सड़क पर उतर रही हैं, जो लोकतंत्र की मजबूती का प्रतीक है।

उन्होंने कहा कि 33 प्रतिशत आरक्षण महिलाओं का संवैधानिक अधिकार है और इसे किसी भी हाल में रोका नहीं जाना चाहिए। पार्टी हमेशा मातृशक्ति के सम्मान और अधिकारों के साथ खड़ी है। वहीं विधायक सत्यपाल राठौर ने महिलाओं के समर्थन में कहा कि नारी शक्ति आज जागरूक हो चुकी है और अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि उनकी मांगों को उच्च स्तर तक पहुंचाया जाएगा। ब्लॉक प्रमुख रेखा शाक्य ने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और आरक्षण मिलने से उनकी राजनीतिक भागीदारी और मजबूत होगी।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं ने पुतला दहन कर अपनी नाराजगी जताई और सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग की। कार्यक्रम में जिला अध्यक्ष प्रमोद गुप्ता, डॉ. अशोक रतन शाक्य ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि, दिनेश चंद्र, पियूष शाक्य, जिला महामंत्री गोपाल शर्मा, जिला मंत्री अर्जुन कश्यप, मिथलेश, नीतू चौहान, कमलेश राजपूत, रानी, नीरज शाक्य, रेखा पटेल, शारदा गौतम, गीता, पूजा समेत हजारों की संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
दिलीप सिंह मंडल ब्योरों एटा उत्तर प्रदेश
