अरुणाचल में भारत-चीन सीमा पर फेस-ऑफ को लेकर कांग्रेस ने उठाए सवाल, सरकार से मांगा जवाब

विजय शंकर नायक बोले—राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर सवालों से बच नहीं सकती सरकार

रांची। अरुणाचल प्रदेश में भारत-चीन सीमा पर सैनिकों के बीच फेस-ऑफ की खबरों को लेकर झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता विजय शंकर नायक ने केंद्र सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े सवालों पर सरकार को देश के सामने तथ्यात्मक जानकारी रखनी चाहिए।

नायक ने कहा कि यदि आईटीबीपी के महानिदेशक ने सीमा पर कई स्थानों पर फेस-ऑफ की जानकारी दी है, तो केंद्र सरकार को इसकी परिस्थितियों और वर्तमान स्थिति के बारे में स्पष्ट जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा केवल भाषणों और नारों से सुनिश्चित नहीं होती, बल्कि इसके लिए मजबूत रणनीति, आधुनिक तकनीक और जवाबदेही आवश्यक है।

कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि पार्टी भारतीय सेना और सुरक्षा बलों के शौर्य पर सवाल नहीं उठा रही, बल्कि सरकार की तैयारियों और नीतियों के बारे में जानकारी मांग रही है। उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों को आधुनिक हथियार, ड्रोन, एंटी-ड्रोन सिस्टम और बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।

उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रसारित फर्जी वीडियो का खंडन किए जाने को आवश्यक बताते हुए कहा कि इससे सीमा सुरक्षा से जुड़े अन्य सवाल समाप्त नहीं हो जाते। सरकार को बताना चाहिए कि कथित फेस-ऑफ किन परिस्थितियों में हुए, वर्तमान स्थिति क्या है और चीन की गतिविधियों से निपटने के लिए दीर्घकालिक रणनीति क्या है।

विजय शंकर नायक ने प्रधानमंत्री से अरुणाचल प्रदेश की सीमा स्थिति पर तथ्यात्मक जानकारी देने और संसद में आवश्यक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने की मांग की। उन्होंने कहा कि देश को नारों और प्रचार के बजाय वास्तविक स्थिति की जानकारी तथा सीमा सुरक्षा की ठोस गारंटी चाहिए।

— विजय शंकर नायक
प्रदेश प्रवक्ता, झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *