संवाददाता गोंडा
गोण्डा। चरित्र प्रमाण-पत्र के सत्यापन में गंभीर लापरवाही सामने आने पर गोण्डा पुलिस ने तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक करनैलगंज नरेंद्र प्रताप राय और कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी संजय मिश्रा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। मामले में अन्य विभागीय कार्रवाई भी की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बसालतपुर निवासी अंकित श्रीवास्तव पुत्र महेश्वरी श्रीवास्तव ने चरित्र प्रमाण-पत्र के लिए ऑनलाइन आवेदन किया था। सत्यापन के दौरान समान नाम और पिता के नाम वाले ग्राम रुदौलिया निवासी दूसरे व्यक्ति के खिलाफ दर्ज मुकदमा संख्या 384/2024 का आपराधिक विवरण अंकित श्रीवास्तव की सत्यापन रिपोर्ट में दर्ज कर ऑनलाइन अग्रसारित कर दिया गया।
मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक गोण्डा अभिषेक झा ने क्षेत्राधिकारी करनैलगंज से जांच कराई। जांच में पाया गया कि कंप्यूटर ऑपरेटर ने केवल आवेदक के नाम और पिता के नाम के आधार पर रिपोर्ट तैयार कर दी तथा पते का समुचित सत्यापन नहीं किया। वहीं, तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक पर पर्यवेक्षण में शिथिलता बरतने का आरोप पाया गया।

प्रारंभिक जांच रिपोर्ट के आधार पर तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र प्रताप राय को शिथिल पर्यवेक्षण तथा कंप्यूटर ऑपरेटर संजय मिश्रा को गंभीर लापरवाही के आरोप में निलंबित किया गया है।
पुलिस ने बताया कि अंकित श्रीवास्तव के चरित्र सत्यापन का दोबारा सही तरीके से सत्यापन कराकर संशोधित चरित्र प्रमाण-पत्र वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। मामले में आगे की विभागीय कार्रवाई प्रचलित है।
