तालाब में बिजली का करंट उतरने से भैंस की मौत, बचाने पहुंचे युवक को लगा झटका

अलीगंज। थाना क्षेत्र के ग्राम तिसौरी में गुरुवार शाम तालाब के पानी में बिजली का करंट उतरने से एक भैंस की मौत हो गई। भैंस को बचाने के प्रयास में तालाब में उतरे पशुपालक के पुत्र मुनेंद्र को भी करंट का झटका लग गया। परिजनों ने घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार कराया गया।

ग्राम तिसौरी निवासी मोहनलाल पुत्र वैजनाथ ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 17 सितंबर की शाम करीब 3:40 बजे वह अपनी भैंस को चारा खिलाने के लिए खोल रहा था। इसी दौरान भैंस पास स्थित तालाब की ओर भाग गई। आरोप है कि तालाब के पानी में बिजली का करंट उतरने के कारण भैंस उसकी चपेट में आ गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।

भैंस को बचाने के लिए मोहनलाल का पुत्र मुनेंद्र तालाब में उतर गया। इसी दौरान उसे भी बिजली का झटका लगा, जिसके बाद परिजनों ने उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया।

मोहनलाल के मुताबिक भैंस की मौत से उसे करीब एक लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर लेखपाल ने मौके पर पहुंचकर जांच की। वहीं, पशु चिकित्सक द्वारा मृत भैंस का पोस्टमार्टम कराया गया।

पीड़ित ने बिजली विभाग की लापरवाही को हादसे का कारण बताते हुए मामले की जांच कराने, उचित कार्रवाई करने और आर्थिक नुकसान की भरपाई दिलाने की मांग की है।

दिलीप सिंह, मंडल ब्यूरो एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *