बंद मकान का ताला तोड़कर नकदी-जेवरात चोरी, अलीगंज सर्किल में चोरों की चुनौती बरकरार

घटना के बाद पुलिस के हाथ खाली, इस बार जांच में क्या सामने आता है—ग्रामीणों की नजर

अलीगंज। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के ग्राम खैरपुर में शनिवार रात अज्ञात चोरों ने एक बंद मकान के ताले तोड़कर हजारों रुपये की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की जानकारी रविवार सुबह हुई। वारदात के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। अलीगंज सर्किल क्षेत्र में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीण पुलिस गश्त पर भी सवाल उठा रहे हैं।

ग्राम खैरपुर निवासी सुरेंद्र सिंह पुत्र दुलारे लाल ने बताया कि उनका परिवार दिन में इसी मकान में रहता है। शनिवार शाम खाना खाने के बाद परिवार के सभी सदस्य मकान में ताला लगाकर दूसरे मकान में सोने चले गए। इसी दौरान अज्ञात चोरों ने मकान के ताले तोड़कर अंदर प्रवेश किया और कमरों में रखा सामान खंगाल डाला।

रविवार सुबह जब सुरेंद्र सिंह मकान पर पहुंचे तो मुख्य दरवाजे के ताले टूटे मिले। अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था। पीड़ित के मुताबिक उन्होंने अपनी मक्का की फसल बेचकर करीब 20 हजार रुपये नकद घर में रखे थे, जिन्हें चोर ले गए। इसके अलावा घर में रखे सोने-चांदी के जेवरात भी चोरी होने की बात बताई गई है।

अलीगंज सर्किल में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोगों की चिंता बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि चोर बेखौफ होकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस के सामने लगातार चुनौती बने हुए हैं। अब देखना यह है कि इस घटना में पुलिस के हाथ चोरों तक पहुंचने के लिए क्या सुराग लगता है।

सूचना मिलने पर थाना प्रभारी अनिल कुमार सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि अभी पीड़ित पक्ष की ओर से थाने में कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

दिलीप सिंह | अलीगंज, एटा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *