रामलीला मैदान के निर्माण में घटिया गुणवत्ता की आशंका, डीएम ने बैठाई जांच

1.88 करोड़ की परियोजना में खामियों की शिकायत पर जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने किया निरीक्षण, टूटी इंटरलॉकिंग भी मिली; एसडीएम की अध्यक्षता में बनेगी जांच कमेटी

अलीगंज। कायमगंज रोड स्थित श्रीरामलीला मैदान के सौंदर्यीकरण और चारदीवारी निर्माण में अनियमितताओं की शिकायत पर शनिवार को जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण में प्रथम दृष्टया निर्माण कार्य की गुणवत्ता सही नहीं मिली। पुरानी इंटरलॉकिंग भी टूटी हुई पाई गई। जिलाधिकारी ने मामले की जांच के लिए एसडीएम अलीगंज की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी एम. अरुन्मोली ने मीडिया को बताया कि अलीगंज तहसील दिवस में रामलीला मैदान के निर्माण कार्य को लेकर शिकायत मिली थी। इसके बाद मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया गया। प्रथम दृष्टया कार्य गुणवत्तापूर्ण नहीं मिला है और पुरानी इंटरलॉकिंग भी टूट गई है। कार्यदायी संस्था को मौके पर बुलाया गया था, लेकिन वह किसी कारणवश नहीं पहुंच सकी। एसडीएम की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाने के निर्देश दिए गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही कार्य जल्द पूरा करवाने का प्रयास किया जाएगा।

दरअसल, श्रीरामलीला प्रबंध समिति अलीगंज, एटा के कार्यकारिणी अध्यक्ष विनोद कुमार आर्य ने तहसील दिवस में जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपा था। इसमें बताया गया कि विधायक सत्यपाल सिंह राठौर के प्रयास से पर्यटन एवं संस्कृति मंत्रालय की ओर से रामलीला मैदान की चारदीवारी और सौंदर्यीकरण के लिए 1.88 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे। 16 मार्च 2024 को कार्य का भूमि पूजन किया गया था।

शिकायत के अनुसार, कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस, जल निगम ने ठेकेदार विजय सिंह यादव को काम दिया था। इसके बाद स्थानीय पेटी ठेकेदार वेद प्रकाश यादव को चारदीवारी और सौंदर्यीकरण का कार्य सौंपा गया। समिति का आरोप है कि निर्माण मानकों के अनुरूप नहीं हुआ और निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी काम पूरा नहीं किया गया।

समिति ने यह भी बताया कि रामलीला महोत्सव छह अक्टूबर 2026 से शुरू हो चुका है, लेकिन मैदान का काम अधूरा है। अब जांच कमेटी की रिपोर्ट के आधार पर निर्माण की गुणवत्ता और कार्य में हुई देरी को लेकर आगे की कार्रवाई होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *