वीडियो आया सामने, घर में घुसे दिखे लोग; एक युवक के हाथ में था डंडा, महिला युवक को घर से बाहर निकालती दिखी

अलीगंज। कोतवाली अलीगंज क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर कोट में सरकारी नल में समर डालने के विवाद को लेकर पिता-पुत्र के साथ गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर कोतवाली अलीगंज पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें कुछ लोग एक घर के अंदर मौजूद दिखाई दे रहे हैं और उनके बीच बातचीत के दौरान विवाद होता नजर आ रहा है।
वीडियो में एक युवक के हाथ में डंडा दिखाई दे रहा है। वहीं, एक महिला घर के अंदर से एक युवक को बाहर की ओर निकालती हुई नजर आ रही है। वीडियो में लोग आपस में बातचीत और विवाद करते दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रहे घटनाक्रम की पूरी परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
ग्राम अकबरपुर कोट निवासी चरण सिंह पुत्र रामसनेही ने कोतवाली अलीगंज में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसके पिता रामसनेही के साथ गांव के ही श्याम, कीरत और रामकीरत पुत्रगण अशोक कुमार ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। जानकारी मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचा तो आरोपियों ने उसके साथ भी गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी दी।
पीड़ित चरण सिंह ने बताया कि गांव में लगे सरकारी नल में आरोपियों ने समर डाल रखी है। पानी भरने के लिए कहने पर आरोपी पानी नहीं भरने देते हैं। इसी बात को लेकर विवाद हुआ और उसके साथ मारपीट की गई। पीड़ित के अनुसार, सरकारी नल से समर हटवाने के लिए उसने पहले खंड विकास अधिकारी अलीगंज को भी शिकायत दी थी।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली अलीगंज पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
