अलीगंज में आज सजेगा प्रतिभाओं का सम्मान समारोह, मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगा करियर मार्गदर्शन

आयकर विभाग के अपर निदेशक अमरपाल सिंह लोधी होंगे मुख्य अतिथि, एसडीएम ऋषभ राजपूत और भारतीय क्रिकेटर अंकित राजपूत भी करेंगे शिरकत

अलीगंज (एटा)। ग्रामीण एवं आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के मेधावी विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने और उनके उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त करने के उद्देश्य से लक्ष्य शिक्षा एवं राहत कोष फाउंडेशन के तत्वावधान में रविवार, 15 नवंबर को प्रतिभा सम्मान समारोह एवं करियर गाइडेंस कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 10 बजे ग्राम अमरोली रतनपुर स्थित रामस्वरूप रामबेटी शिक्षण संस्थान में आयोजित होगा।

कार्यक्रम में भारत सरकार के आयकर विभाग के अपर निदेशक अमरपाल सिंह लोधी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। वहीं विशिष्ट अतिथियों में इंजीनियर श्रीमती रवी सिंह, राष्ट्रीय संयोजिका आईएएस-पीसीएस मिशन, एसडीएम नोएडा ऋषभ राजपूत, लक्ष्य फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बाबू सिंह तथा भारतीय क्रिकेटर अंकित राजपूत शामिल रहेंगे। इसके अलावा क्षेत्र के प्रशासनिक अधिकारी, अधिवक्ता, शिक्षाविद और सामाजिक कार्यकर्ताओं की भी सहभागिता रहेगी।

समारोह में क्षेत्र के मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। साथ ही विद्यार्थियों को प्रशासनिक सेवा, चिकित्सा, इंजीनियरिंग सहित विभिन्न व्यावसायिक एवं प्रतियोगी क्षेत्रों में करियर बनाने के संबंध में मार्गदर्शन दिया जाएगा। विशेषज्ञ अतिथि विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारण, तैयारी की रणनीति और भविष्य की संभावनाओं से अवगत कराएंगे।

फाउंडेशन का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर और ग्रामीण परिवेश के प्रतिभाशाली बच्चों को शिक्षा, उचित मार्गदर्शन और प्रोत्साहन उपलब्ध कराना है, ताकि संसाधनों के अभाव में किसी भी विद्यार्थी की प्रतिभा और भविष्य प्रभावित न हो। आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम के आयोजन के लिए स्थानीय प्रशासन से विधिवत अनुमति प्राप्त कर ली गई है।

कार्यक्रम का आयोजन ग्राम अमरोली रतनपुर के ग्रामवासियों, क्षेत्रवासियों तथा लक्ष्य फाउंडेशन ब्लॉक अलीगंज के संयुक्त सहयोग से किया जा रहा है। आयोजकों ने क्षेत्र के अभिभावकों, विद्यार्थियों और गणमान्य नागरिकों से कार्यक्रम में सहभागिता की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *