नवनीत कुमार सिंह मोतिहारी
मोतिहारी। संग्रामपुर थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान एक व्यक्ति से अवैध वसूली और मनमानी करने के मामले में मोतिहारी पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में दोषी पाए जाने पर एक दारोगा और तीन सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, संग्रामपुर थाना क्षेत्र में गश्ती दल ने ओमप्रकाश कुमार नामक व्यक्ति के घर की तलाशी ली थी। घर से कोई भी आपत्तिजनक सामान बरामद नहीं होने के बावजूद पुलिसकर्मियों ने युवक पर पैसे देने का दबाव बनाया और उसके साथ मनमानी की। इतना ही नहीं, युवक को पुलिस वाहन में बैठाकर ले जाने की सूचना किसी वरीय अधिकारी को नहीं दी गई थी।
पीड़ित द्वारा मामले की शिकायत किए जाने के बाद एसपी ने इसकी विस्तृत जांच का जिम्मा प्रशिक्षु डीएसपी कुमारी प्रियंका को सौंपा। जांच के दौरान पीड़ित और प्रत्यक्षदर्शियों के बयानों के आधार पर आरोप सही पाए गए।जांच रिपोर्ट मिलने के तुरंत बाद पुलिस अधीक्षक ने इसे घोर अनुशासनहीनता, स्वेच्छाचारिता और संदिग्ध आचरण मानते हुए कड़ा कदम उठाया।
निलंबित होने वाले पुलिसकर्मियों में दारोगा देव मोहन सिंह, सिपाही रवि रंजन कुमार, सिपाही अभय कुमार और महिला सिपाही हेमा कुमारी शामिल हैं। एसपी की इस सख्त कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
