खेत पर कब्जे का विरोध करने पर फावड़े से हमला, बाल-बाल बचा युवक; पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप


अलीगंज (जसरथपुर)। खेत पर जबरन कब्जा करने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि परिवार के ही लोगों ने गाली-गलौज करते हुए युवक पर फावड़े से जानलेवा हमला कर दिया। युवक ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई। पीड़ित पक्ष ने जसरथपुर पुलिस पर शिकायत दर्ज न करने का आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई है।


मामला थाना जसरथपुर क्षेत्र के नगला उम्मेद तौसइया किसानान का है। पीड़िता रेखा देवी पत्नी विनोद कुमार के बेटे रवि यादव ने बताया कि 13 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे वह अपने खेत पर काम करने गया था। आरोप है कि वहां प्रमोद कुमार पुत्र शिवराज, सुनीता देवी पत्नी प्रमोद कुमार, प्रियंका पुत्री सनोज कुमार और श्यामा देवी पत्नी शिवराज सिंह खेत पर जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे।

रवि के अनुसार, जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। इसी दौरान प्रमोद कुमार ने जान से मारने की नीयत से उस पर फावड़े से हमला कर दिया। आरोप है कि अन्य लोगों ने भी लाठी-डंडों और ईंटों से हमला करने का प्रयास किया। युवक ने किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाई।


पीड़ित का आरोप है कि घटना के बाद वह शिकायत लेकर जसरथपुर थाने पहुंचा, लेकिन थाना प्रभारी ने मामले को जमीन से संबंधित बताते हुए एसडीएम अलीगंज के पास शिकायत करने की बात कही और उसकी शिकायत नहीं ली।

रवि ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में फोन पर प्रमोद के भाई उमेश ने गाली-गलौज कर धमकी दी।


रवि यादव का कहना है कि जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा है। आरोपियों द्वारा पूर्व में भी उन्हें झूठे मुकदमों में फंसाने की कोशिश की जा चुकी है। पीड़ित परिवार ने पुलिस अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *