गांधी-शास्त्री जयंती पर प्रतिभागियों को किया सम्मानित

संतकबीरनगर सूवि। गांधी जयंती एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को डीपीआरसी हाल में सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ थीम पर समारोह आयोजित किया गया। मुख्य विकास अधिकारी जयकेश त्रिपाठी ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र और शील्ड देकर सम्मानित किया।सेवा संकल्प अभियान के तहत 17 सितंबर से विभिन्न विभागों की ओर से खेलकूद, चित्रकला, वाद-विवाद, देशभक्ति गीत समेत कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। समारोह में शिक्षा, पंचायतीराज, खेलकूद और बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग से संबंधित प्रतियोगिताओं के विजेताओं को सम्मानित किया गया।
इस दौरान सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से सरकार की विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित चित्र प्रदर्शनी लगाई गई। सीडीओ, अधिकारियों, लाभार्थियों और छात्र-छात्राओं ने प्रदर्शनी का अवलोकन किया। सूचना एवं संस्कृति विभाग से पंजीकृत कलाकार महेश मौर्या एंड पार्टी ने लोकगीतों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।मुख्य विकास अधिकारी ने गांधी जी के सत्य-अहिंसा के सिद्धांत और शास्त्री जी के ‘जय जवान-जय किसान’ के संदेश को प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि देश और प्रदेश के विकास में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है।इस अवसर पर परियोजना निदेशक विजयन्त सिंह, डीआईओएस उपेंद्र कुमार, बीएसए अमित कुमार सिंह, डीपीआरओ अरुण कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुजीत कुमार समेत अन्य अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *