टेंपो के कट मारने से बाइक सवार दो युवक सड़क पर गिरे, गंभीर रूप से घायल

अलीगंज (राजा का रामपुर)। थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के ग्राम असदपुर के निकट बाइक और टेंपो की टक्कर में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अलीगंज में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर एटा रेफर कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना जैथरा क्षेत्र के ग्राम अमृतपुर निवासी 17 वर्षीय लल्लोरी पुत्र जगतपाल और 18 वर्षीय सुरजीत पुत्र सुभाष चंद्र निवासी ग्राम टिकाथर बाइक से थाना राजा का रामपुर क्षेत्र के ग्राम भगवानपुरा स्थित अपनी बुआ के घर जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक ग्राम असदपुर के निकट पहुंची, तभी सामने से आ रहे एक टेंपो ने अचानक कट मार दिया। इससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई और दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना राजा का रामपुर पुलिस मौके पर पहुंच गई और एंबुलेंस बुलाकर दोनों घायलों को उपचार के लिए सीएचसी अलीगंज भिजवाया।

पुलिस के अनुसार दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच-पड़ताल की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *