अप्राकृतिक संबंध, दुष्कर्म, ब्लैकमेल के गंभीर आरोप, न्यायालय के आदेश पर अभियोग दर्ज
अलीगंज* अतिरिक्त दहेज में पांच लाख रुपये की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने और मारपीट कर मायके छोड़ने का मामला सामने आया है। पीड़िता ने पति समेत ससुराल पक्ष के आठ लोगों पर गंभीर आरोप लगाते हुए न्यायालय में गुहार लगाई। न्यायालय के आदेश पर अलीगंज पुलिस ने सभी आठ आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

अलीगंज के मोहल्ला कूचा निवासी करीब 30 वर्षीय निशा का निकाह छह मई 2016 को फर्रुखाबाद जिले के थाना कम्पिल क्षेत्र के गांव समाउद्दीनपुर निवासी जावेद के साथ हुआ था। महिला के मुताबिक, उसके पिता ने निकाह में करीब पांच लाख रुपये खर्च कर घरेलू सामान, कपड़े, आभूषण और नकदी दी थी। आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त पांच लाख रुपये की मांग करने लगे। मांग पूरी नहीं होने पर उसे शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा।
इस दौरान उसके तीन बच्चे भी हुए, लेकिन उत्पीड़न बंद नहीं हुआ। महिला ने आरोप लगाया कि पति आए दिन मारपीट करता और भूखा-प्यासा रखता था। 22 अप्रैल 2026 की रात पति ने उसकी इच्छा के विरुद्ध अप्राकृतिक तरीके से शारीरिक संबंध बनाए। इससे पहले दिसंबर 2025 में भी ऐसी दो घटनाएं होने का आरोप लगाया है। इसके अलावा जेठ कलीम और पति के जीजा के भतीजे आसनल पर दुष्कर्म करने तथा आसनल पर अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। तस्लीम पर भी छेड़खानी करने की बात कही है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार 23 अगस्त को दोपहर करीब तीन बजे पति जावेद समेत अन्य आरोपितों ने उसके साथ मारपीट की। कपड़े फाड़कर अश्लील हरकतें कीं। पति ने पेट में लात मारी और जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि इसके बाद पति और देवर तस्लीम उसे गाड़ी में डालकर मायके छोड़ गए। उसका स्त्रीधन छीन लिया तथा दो बेटों को अपने पास रख लिया, जबकि तीन वर्षीय बेटी को उसके साथ छोड़ दिया।
मायके वालों से पांच लाख रुपये देने की मांग भी की गई। पीड़िता ने पहले थाने और फिर 28 अगस्त को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर 31 अगस्त को न्यायालय में प्रार्थना पत्र दिया। न्यायालय के आदेश पर थाना प्रभारी निरीक्षक रूपेश कुमार वर्मा ने जावेद, तस्लीम, रूबीना, नजीब, अदीब, अहराज, मेहराज और आसनल के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले की विवेचना कर रही है।
