दीपक जलाने को लेकर हुआ था विवाद, सीओ कार्यालय पहुंची थीं पीड़िता और मोहल्ले की महिलाएं
अलीगंज। दीपावली पर घर में दीपक जलाने को लेकर शुरू हुआ विवाद मारपीट और जानलेवा हमले तक पहुंच गया। जैथरा थाना क्षेत्र के धुमरी गांव में महिला समेत उसके पति और देवर के साथ मारपीट की गई थी। मामले में पीड़िता की तहरीर पर जैथरा थाने में मुकदमा दर्ज किया गया।

बुधवार सुबह पीड़ित महिला मीनू अपने पति प्रदीप राठौर और मोहल्ले की कई महिलाओं के साथ क्षेत्राधिकारी अलीगंज के कार्यालय पहुंची। यहां परिवार की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। महिलाओं ने भी एकजुट होकर पीड़ित परिवार का समर्थन किया। इसके बाद जैथरा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामले में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पीड़िता मीनू की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के मुताबिक दीपावली के दिन घर में पूजा-पाठ के बाद परिवार के लोग पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान मोहल्ले के कुछ लोगों ने विरोध किया। बाद में दीपक जलाने को लेकर भी कहासुनी हो गई। आरोप है कि विरोध करने वालों ने दीपक उठाकर फेंक दिए।
जब मीनू ने कहा कि उसका घर है और वह अपनी जगह पर दीपक जलाएगी तो दूसरे पक्ष के लोग उग्र हो गए। आरोप है कि कई लोग एकजुट होकर घर में घुस आए और परिवार पर हमला कर दिया। मीनू के सिर में ईंट और डंडे से प्रहार किया गया। पति प्रदीप और देवर रजत के साथ भी मारपीट कर उन्हें घायल कर दिया गया।
हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़िता की तहरीर पर जैथरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 359/2026 के तहत बीएनएस की धाराओं 191(2), 333, 115(2), 352, 351(3) और 109(1) में मुकदमा दर्ज किया गया था। बुधवार सुबह क्षेत्राधिकारी कार्यालय पहुंची मीनू ने बताया कि तस्लीम और गौरे खां समेत कई लोगों ने उसके साथ मारपीट की। सिर में ईंट और डंडे मारकर उसे घायल कर दिया।
अब भी उसे जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। आरोपियों की ओर से डंडे और तमंचे दिखाकर डराया जा रहा है। मीनू ने अधिकारियों से न्याय दिलाने और परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की गुहार लगाई। वहीं पति प्रदीप राठौर ने आरोप लगाया कि तस्लीम और गौरे खां हिस्ट्रीशीटर हैं और कई बार जेल जा चुके हैं। हत्या के मामले में तिहाड़ जेल में भी रहने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी को गली में गिराकर बुरी तरह पीटा गया और घर में घुसकर परिवार की महिलाओं के साथ अभद्रता की गई। परिवार को लगातार धमकियां मिल रही हैं। ऐसे में उन्हें सुरक्षा दी जाए, जिससे परिवार भयमुक्त होकर रह सके। इस दौरान मोहल्ले की कई महिलाएं भी मौजूद रहीं।
पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
एसएसपी एटा डॉ. इलामारन के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत जैथरा पुलिस ने बुधवार को दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में गोरे खां उर्फ मोहम्मद दराज पुत्र अजीत खां उर्फ गिल्लू खां और नवीदराज पुत्र गोरे खां उर्फ मोहम्मद दराज निवासी ग्राम धुमरी शामिल हैं।
पुलिस दोनों के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर रही है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा, उपनिरीक्षक धर्मेश कुमार, कांस्टेबल प्रवीन कुमार और रिजर्व कांस्टेबल उज्ज्वल शामिल रहे। कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक श्वेताभ पांडेय, अपर पुलिस अधीक्षक अपराध सच्चिदानंद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी अलीगंज राजेश सिंह के नेतृत्व में की गई।
