नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की मांग पर एनएचएम संविदा कर्मचारियों का उग्र प्रदर्शन


सरकार के खिलाफ जमकर की नारेबाजी, छह सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की चेतावनी

अलीगंज राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के संविदा कर्मचारियों ने नियमितीकरण, समान कार्य-समान वेतन और वेतन वृद्धि सहित विभिन्न मांगों को लेकर जमकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारेबाजी करते हुए सरकार से जल्द निर्णय लेने की मांग उठाई।

प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभाने के बावजूद उन्हें स्थायी सेवा सुरक्षा और सम्मानजनक वेतन का लाभ नहीं मिल रहा है।उत्तर प्रदेश राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के अनुसार प्रदेश में एक लाख से अधिक संविदा कर्मचारी पिछले 15 से 18 वर्षों से स्वास्थ्य सेवाओं में योगदान दे रहे हैं। प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों से लेकर जिला अस्पतालों तक कर्मचारी टीकाकरण, मातृ-शिशु स्वास्थ्य, टीबी उन्मूलन और विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कोविड-19 महामारी के दौरान भी कर्मचारियों ने जोखिम उठाकर जनता तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाईं। प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों की प्रमुख मांग है कि लंबे समय से कार्यरत एनएचएम संविदा कर्मियों को स्वास्थ्य विभाग में नियमित किया जाए। नियमितीकरण की प्रक्रिया पूरी होने तक वर्तमान वेतन में तत्काल वृद्धि करते हुए समान कार्य-समान वेतन की व्यवस्था लागू की जाए साथ ही स्वास्थ्य विभाग में सृजित नहीं किए गए संबंधित पदों का सृजन भी किया जाए।

कर्मचारियों ने छह सूत्रीय मांगों को लेकर भी आवाज बुलंद की। इनमें कर्मचारियों और उनके आश्रित परिवारों के लिए कम से कम 10 लाख रुपये की कैशलेस चिकित्सा सुविधा, महंगाई भत्ता, प्रभावी ईपीएफ, मकान किराया भत्ता और ग्रेच्युटी का लाभ शामिल है। इसके अलावा गैरजनपद एवं पारस्परिक स्थानांतरण नीति बहाल करने, सेवाकाल में मृत्यु होने पर पात्र आश्रित को अनुकंपा नियुक्ति देने, आउटसोर्स कर्मचारियों को जिला स्वास्थ्य समिति में समायोजित करने तथा नियमित भर्तियों में एनएचएम संविदा कर्मियों के लिए कम से कम 25 प्रतिशत कोटा निर्धारित करने की मांग उठाई गई।

संगठन ने चेतावनी दी कि मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा। घोषित आंदोलन कार्यक्रम में काली पट्टी बांधकर विरोध, कार्य बहिष्कार और इसके बाद लखनऊ में अनिश्चितकालीन हड़ताल शामिल है। कर्मचारियों ने सरकार से मांगों पर गंभीरता से विचार कर शीघ्र समाधान करने की अपील की। प्रदर्शन के दौरान आर्येंद्र कुमार सक्सेना, डॉ. रूवी यादव, अजय सिंह, डॉ. हर्ष भारद्वाज, रवि यादव, डॉ. रुचि रानी, डॉ. अखलाक खान, ममता चौहान, संजय सिंह सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *